सारंगढ़। जिले में सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस लगातार सख्त और सघन यातायात अभियान चला रही है। एसपी की स्पष्ट नीति है कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इसी के तहत यातायात पुलिस द्वारा नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने, सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा कर रास्ता बाधित करने तथा अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले मामलों में सख्ती दिखाई।
कार्रवाई के दौरान अलग-अलग धाराओं के तहत कुल 22 मामलों में 27,400 रुपये का चालान किया गया। इनमें धारा 4/181 एवं 5/180 के तहत 10 मामलों में 20,000 रुपये, धारा 122/177 के तहत 7 मामलों में 2,100 रुपये तथा धारा 116/190(2) के तहत 2 प्रकरणों में 4,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।

दस्तावेज साथ रखें, नाबालिगों को वाहन न दें
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर गलत तरीके से वाहन पार्क कर यातायात बाधित न करें।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान से जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस की गंभीरता साफ नजर आ रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा में बाधा बनने वाले नियम उल्लंघनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

- एसपी सुनील शर्मा के सख्त निर्देश का असर, थाना प्रभारी सुनीता नाग बंजारे की टीम ने 25 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी दबोचा… - August 19, 2026
- सारंगढ़:एसपी सुनील शर्मा की सख्ती से सड़क सुरक्षा अभियान को मिली रफ्तार, 22 मामलों में 27,400 रुपये का चालान… - August 19, 2026
- सारंगढ़:एसपी सुनील शर्मा के सख्त निर्देश का असर, बेलाडुला चौकी पुलिस ने शराब कोचिए को दबोचा… - August 19, 2026
