बिलाईगढ़। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल एवं एसडीओपी श्रीमती दीपिका मिंज के मार्गदर्शन में सलिहा थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा शासकीय प्राथमिक, मिडिल एवं हाईस्कूल परसापाली में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 14 शिक्षकों सहित 85 छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन गेमिंग, यातायात सुरक्षा एवं सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा एवं पुलिस स्टाफ ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने की समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक, संदिग्ध मैसेज अथवा फर्जी कॉल के झांसे में आने से भी बचने की सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने ऑनलाइन गेमिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के साथ-साथ सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने तथा सड़क पर सुरक्षित तरीके से आवागमन करने के लिए भी प्रेरित किया गया। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप एवं यातायात सुरक्षा से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घबराने के बजाय तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा नजदीकी थाने में भी इसकी सूचना दें। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
सलिहा थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा की सक्रिय पहल और पुलिस टीम की जागरूकता मुहिम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के प्रति सजग बनाना तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। पुलिस की इस पहल की विद्यालयीन स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने सराहना की।

- आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश से रायगढ़ में हाहाकार, तीन जिलों की बिजली व्यवस्था चरमराई… - October 6, 2026
- अग्रसेन जयंती पर सारंगढ़ में उमंग-उत्साह का रंग, चार प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभाओं की झलक… - October 6, 2026
- ज्योति पटेल के नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भाजपा को मिली नई ऊर्जा- हरिनाथ खूंटे - October 6, 2026
