सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सरिया पुलिस ने चोरी के एक मामले का त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों समेत चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रिसोरा निवासी जीतांबर पटेल 4 अगस्त 2026 को अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर पशुपतिनाथ मंदिर एवं बैजनाथ धाम दर्शन के लिए गए थे। 16 अगस्त को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर एक कट्टा चावल, एक कट्टा धान, 21 नग सोने की कंठी, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई, तथा लगभग 4 हजार रुपये नकद गायब मिले।
पीड़ित की रिपोर्ट पर सरिया थाने में अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने चार संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का सामान झसकेतन निषाद, उम्र 39 वर्ष, निवासी रिसोरा, सरिया को बेचने की बात बताई।
पुलिस ने मामले में विश्वजीत विशाल पिता अशोक विशाल, केशव उर्फ राजा कोडाकू तथा स्वाधीन यादव पिता गोपाल यादव, सभी निवासी ग्राम रिसोरा, सरिया को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 21,120 रुपये बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने झसकेतन निषाद को तलब कर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा भी अपराध स्वीकार किए जाने के बाद प्रकरण में धारा 3(5) एवं 317(2) बीएनएस जोड़ी गई। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका
पूरे मामले के त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, सहायक उपनिरीक्षक सुमन कुमार चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक गजेंद्र कुमार, आरक्षक ताराचंद, आरक्षक सुरेंद्र पटेल, आरक्षक गीता भास्कर, आरक्षक लक्ष्मीनारायण पांडे एवं आरक्षक नर्मदा यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सरिया पुलिस की इस त्वरित
कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में थाना स्तर पर की जा रही ऐसी प्रभावी कार्रवाई से अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।
