सारंगढ़। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पाट में युवा संगठन सेवा समिति के तत्वावधान में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना रहा।
समारोह में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। ग्राम स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार के साथ मेडल एवं पेन प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं तृतीय स्थान सहित सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को मेडल एवं पेन देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक एवं वरिष्ठ नागरिकों का भी श्रीफल एवं मेडल पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया। इस सम्मान से कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

शिक्षकों एवं मंचासीन अतिथियों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यालय के शिक्षकों एवं मंचासीन अतिथियों ने युवा संगठन सेवा समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव के विद्यालय में इस तरह का आयोजन पहली बार हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं। युवाओं को शिक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों में आगे आना चाहिए। उन्होंने समिति को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
प्रतिभाओं को सही दिशा देना समिति का उद्देश्य
युवा संगठन सेवा समिति के सदस्यों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और प्रोत्साहन देने की है। इसी उद्देश्य से गांव के युवाओं द्वारा समिति का गठन किया गया है। समिति भविष्य में शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस सम्मान समारोह ने विद्यार्थियों के बीच नई ऊर्जा और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह पैदा किया। कार्यक्रम में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।


- बरसात के मौसम में रोज़ सुबह तुलसी के पत्ते खाने से सेहत पर कैसा होता है असर, आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानिए.. - August 17, 2026
- कटहल बिरयानी बनाने की सरल विधि – 4 लोगों के लिए… - August 17, 2026
- बंटवारा 1947 vs आवारापन 2: 19 साल पहले सनी देओल से हारे थे इमरान हाशमी, अब बॉक्स ऑफिस पर पलटा खेल… - August 17, 2026
