सारंगढ़-बिलाईगढ़। राज्य शासन के निर्देशानुसार विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सारंगढ़ में भारत विभाजन की त्रासदी को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल ने विभाजन विभीषिका प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में भारत विभाजन के दौरान हुई घटनाओं, बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन और आम नागरिकों की पीड़ा को चित्रों एवं विभिन्न सामग्रियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में विभाजन की त्रासदी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विभाजन की पीड़ा झेलने वाले लोगों तथा शहीद देशभक्तों को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास के उस कठिन दौर की याद दिलाता है, जब लाखों लोगों को विस्थापन और असहनीय पीड़ा का सामना करना पड़ा। इस त्रासदी से गुजरे लोगों की पीड़ा और कटु अनुभव आज भी उनकी पीढ़ियों के जेहन में मौजूद हैं।
जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास की सच्चाई से परिचित कराने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हमें इतिहास से सीख लेते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि ऐसी घटना दोबारा न हो।
वहीं गणमान्य नागरिक हरिनाथ खूंटे ने कहा कि धर्म के आधार पर देश का विभाजन हुआ था। आज आवश्यकता है कि हम धर्म और जात-पात से ऊपर उठकर देशहित में कार्य करें। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक मिलकर एकता और भाईचारे के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी भारत विकसित राष्ट्र बनेगा।
कार्यक्रम में सारंगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता ठाकुर, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जनप्रतिनिधि ज्योति लाल पटेल, मनोज जायसवाल, हरिनाथ खूंटे, समीर सिंह ठाकुर, जय बानी, भरत जाटवर, अविनाशपुरी गोस्वामी, वीरेंद्र निराला, जीतू गुप्ता, गणमान्य नागरिक राजीव ठाकुर सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





