सारंगढ़-बिलाईगढ़, । स्वतंत्रता पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दौड़ का भव्य आयोजन किया गया। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने वाली इस दौड़ में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, खिलाड़ियों, पत्रकारों तथा करीब एक हजार स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
स्वतंत्रता दौड़ सुबह 7 बजे कलेक्टर कार्यालय परिसर से प्रारंभ होकर खेलभाठा मैदान में समाप्त हुई। दौड़ के दौरान प्रतिभागियों में देशभक्ति का जोश और उत्साह देखने को मिला। खेलभाठा मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव की रक्षा के लिए तिरंगा शपथ दिलाई। उपस्थित लोगों ने देश के सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। कार्यक्रम में खेल विभाग की ओर से बच्चों के लिए नाश्ते की भी व्यवस्था की गई।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सुबह-सुबह बड़ी संख्या में बच्चे उत्साह के साथ दौड़ में शामिल हुए, इससे उन्हें भी अपने बचपन के दिनों की याद आ गई। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन और पढ़ाई दोनों बेहद जरूरी हैं। बच्चों को पढ़ाई के साथ किसी न किसी खेल से जरूर जुड़ना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ और सक्रिय रहें।
एसपी सुनील शर्मा ने बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस, अनुशासन और साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। उन्होंने फास्ट फूड से दूरी बनाने की सलाह देते हुए कहा कि इसका अधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है। एसपी ने बच्चों को साइबर अपराध से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से चैटिंग न करें और अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार नहीं करें। उन्होंने कहा कि मोबाइल की रील्स का हीरो बनने के बजाय वास्तविक जिंदगी में देशसेवा और समाजसेवा करने वाला हीरो बनना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपने करियर पर ध्यान देने, नशे से दूर रहने और नाबालिग उम्र में विवाह नहीं करने की अपील की।
गणमान्य नागरिक ज्योति लाल पटेल एवं जय बानी ने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। युवाओं और बच्चों की सकारात्मक ऊर्जा तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी इस लक्ष्य को मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, एसपी सुनील शर्मा, जनप्रतिनिधि ज्योति लाल पटेल, मनोज जायसवाल, हरिनाथ खूंटे, भुवन मिश्रा, समीर सिंह ठाकुर, अविनाशपुरी गोस्वामी, जीवन रात्रे, गणमान्य नागरिक नत्थू केडिया, महेंद्र अग्रवाल, पत्रकार गोल्डी नायक, गोविन्द बरेठ, मिलन महंत सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





