सारंगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान का सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने प्रभावी अंदाज में शुभारंभ किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुरू हुआ यह अभियान साइबर अपराध के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाने और आम नागरिकों को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक अभिनव पहल है।
राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री द्वारा अभियान का शुभारंभ किए जाने के बाद सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान अभियान की लिंक एवं क्यूआर कोड जारी किया। उन्होंने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर साइबर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी ली और उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट कर अभियान में जनभागीदारी का संदेश दिया।
एसपी सुनील शर्मा ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों सहित युवाओं से अभियान से जुड़कर जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट होकर आगे आए थे, उसी भावना के साथ आज साइबर अपराध के विरुद्ध भी समाज को एकजुट होकर काम करना होगा। जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है। सोशल मीडिया के माध्यम से सेल्फी फ्रेम साझा करने से साइबर सुरक्षा का संदेश तेजी से लोगों तक पहुंचेगा और बड़ी संख्या में नागरिक डिजिटल अपराधों के प्रति सतर्क होंगे।
एसपी सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में जिले में अभियान को व्यापक स्वरूप दिया गया है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह के दौरान अलग-अलग वर्गों को लक्षित कर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों के माध्यम से वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव को लेकर टाउन हॉल कार्यक्रम आयोजित होंगे। महिलाओं और सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी एवं सुरक्षित ब्राउजिंग के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचने के लिए रोजगार कार्यालयों एवं आईटीआई के माध्यम से आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
इसी तरह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में डेटा प्राइवेसी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की सीमाओं को लेकर अभियान चलाया जाएगा। 2 अक्टूबर 2026 गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प लेकर अभियान का समापन किया जाएगा।
जिला पुलिस टीमों और स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से क्यूआर कोड का प्रचार किया जाएगा। जिला पुलिस और छत्तीसगढ़ पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स तथा व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से भी अभियान की लिंक अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
एसपी सुनील शर्मा की सक्रिय पहल और नेतृत्व में सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने साइबर सुरक्षा को जनअभियान का रूप देने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। अभियान का लक्ष्य साफ है—हर नागरिक को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना, डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाना और सामूहिक भागीदारी से साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में आगे बढ़ना।





