सक्ती। सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड स्थित किरारी हाई स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल परिसर के भीतर कुछ शिक्षक टेबल पर चिकन और शराब की बोतलों के साथ पार्टी करते नजर आ रहे हैं।

घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्कूल परिसर में पार्टी का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि वीडियों में स्कूल के भीतर ही शराब और खाने-पीने की व्यवस्था दिखाई दे रही है। जिस स्थान पर विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार दिए जाते है। वहीं शिक्षकों की इस हरकत ने लोगों को हैरान कर दिया है। वीडियों वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिक्षा विभाग ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने चार व्याख्याताओं नरेन्द्र लहरें, राजेश धीरहे, राजू साहू, दिनेश चक्रधारी तथा अंशकालीन स्वीपर चंद्रकुमार रात्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने सभी से जवाब मांगा है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




