सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 अगस्त 2026। राज्य सरकार ने शासकीय सेवकों के हित में एक महत्वपूर्ण और कर्मचारी कल्याणकारी पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों जुलाई माह में शुरू की गई वेतन के विरुद्ध बिना ब्याज के अल्पावधि ऋण योजना के माध्यम से अब सरकारी कर्मचारियों को आकस्मिक जरूरतों के समय त्वरित आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
इस सुविधा को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। योजना का संचालन ई-कोष प्रणाली से एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से होगा। पात्र कर्मचारी ई-कोष के एम्प्लॉयी कॉर्नर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान ई-केवाईसी, डिजिटल प्रमाणीकरण और सहमति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी।
न कागजों का झंझट, न ब्याज का बोझ
राज्य सरकार की इस पहल से कर्मचारियों को आकस्मिक आर्थिक जरूरतों के लिए निजी साहूकारों से ऊंची ब्याज दर पर पैसा लेने या अन्य माध्यमों से ऋण लेने की मजबूरी से राहत मिलेगी। बिना ब्याज के अल्पावधि ऋण की सुविधा कर्मचारियों को कठिन परिस्थितियों में सम्मानजनक और सहज वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
वित्त विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार पूरी व्यवस्था में डेटा सुरक्षा, गोपनीयता और डिजिटल प्रमाणीकरण के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया है। इससे कर्मचारियों की व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी को सुरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया गया है।
पेपरलेस और पारदर्शी व्यवस्था
राज्य सरकार ने कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस सुविधा को सरल और तकनीक आधारित बनाया है। पात्र कर्मचारी बिना अनावश्यक कागजी प्रक्रिया के अपनी पात्रता के अनुसार अल्पावधि ऋण के लिए आवेदन कर सकेंगे। पूरी प्रक्रिया डिजिटल होने के कारण समय की बचत के साथ-साथ पारदर्शिता भी बनी रहेगी।
वित्त विभाग ने सूचना प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग करते हुए इस सुविधा को ई-कोष प्रणाली से जोड़ा है। योजना की पूरी व्यवस्था डिजिटल, पेपरलेस, सुरक्षित और पारदर्शी रखी गई है। साथ ही, इस व्यवस्था से राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं आएगा।
कर्मचारी हित को प्राथमिकता
सरकार का मानना है कि आकस्मिक आर्थिक जरूरतों के समय यदि कर्मचारियों को सहज और त्वरित सहायता उपलब्ध हो, तो वे आर्थिक चिंता से मुक्त होकर अपने शासकीय दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे। यह योजना कर्मचारी कल्याण, सुशासन और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई है।





