सारंगढ़। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की दूरदर्शी पहल से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार मजबूत हो रही हैं। इसी क्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन तथा जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के प्रभावी नेतृत्व में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। जिला अस्पताल में शुरू की गई अटल आरोग्य लैब बेहद कम समय में आम लोगों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई है।
महज दो माह के भीतर अटल आरोग्य लैब ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए 8,738 मरीजों की 37,246 से अधिक विभिन्न प्रकार की पैथोलॉजी जांच पूरी तरह नि:शुल्क की हैं। अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित इस लैब में गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों को अब निजी लैबों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और आर्थिक रूप से भी बड़ी राहत मिल रही है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिला चिकित्सालय में आधुनिक एवं विश्वसनीय जांच सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निजी लैब में अनावश्यक खर्च करने के बजाय जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उनका कहना है कि आम लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डॉ. दीपक जायसवाल ने यह भी जानकारी दी कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के लिए जल्द ही अटल आरोग्य लैब में नि:शुल्क माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इससे संक्रमण एवं जटिल बीमारियों की सटीक जांच जिला अस्पताल में ही संभव हो सकेगी और मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
डॉ. दीपक जायसवाल के कुशल नेतृत्व, बेहतर प्रबंधन और मरीजों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली के कारण जिला चिकित्सालय सारंगढ़ लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अटल आरोग्य लैब की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाएं अब आधुनिक, भरोसेमंद और जनहितकारी स्वरूप में लोगों तक पहुंच रही हैं।

- बिना लाइसेंस बिक रही थी कीटनाशक दवाएं, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप… - September 20, 2026
- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
