सारंगढ़-बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ के प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026–27 की कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद विभागीय वेबसाइट पर काउंसलिंग के लिए चयनित छात्र-छात्राओं की सूची और तिथियां जारी कर दी गई हैं। आवंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रवेश हेतु काउंसलिंग 22 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जा रही है।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। इनमें कक्षा 8वीं की प्रथम श्रेणी (60 प्रतिशत) अंकसूची, विद्यालय से जारी अध्ययनरत प्रमाण पत्र, आवश्यकतानुसार नक्सल पीड़ित, अल्पसंख्यक, जाति एवं विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र शामिल हैं। विशेष श्रेणी के चयनित विद्यार्थियों को दिव्यांगता, अनाथ, विधवा या परित्यक्ता माता, दिव्यांग माता-पिता अथवा शहीद पुलिस, अर्द्धसैनिक एवं सशस्त्र बल के आश्रित होने संबंधी प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।
काउंसलिंग के बाद पात्र विद्यार्थियों को तीन दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकल सेल जांच प्रमाण पत्र संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर काउंसलिंग में शामिल होकर आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।





