सरिया ।
सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन को लेकर अक्सर शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन सरिया विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय महराजपुर से सेवा, समर्पण और मातृत्व की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। सावन के पावन सोमवार के अवसर पर विद्यालय की रसोइयों श्रीमती रेवती प्रधान एवं श्रीमती विलासिनी बैरागी ने अपनी निजी राशि से स्कूली बच्चों के लिए विशेष भोजन का आयोजन कर मानवता और अपनत्व की अनूठी मिसाल पेश की।
सावन सोमवार के शुभ अवसर पर विद्यालय का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय दिखाई दिया। रोज़ाना मिलने वाले मध्याह्न भोजन की जगह इस दिन बच्चों की थालियों में गरमा-गरम पूड़ी, स्वादिष्ट सब्जी और मीठी खीर परोसी गई। जैसे ही बच्चों के सामने विशेष भोजन आया, उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने बड़े उत्साह और आनंद के साथ भोजन का स्वाद लिया और रसोइयों के प्रति अपना स्नेह भी व्यक्त किया।
विद्यालय प्रशासन ने दोनों रसोइयों के इस निस्वार्थ सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने मातृवत स्नेह और समर्पण का परिचय दिया है। प्रशासन ने कहा कि ऐसे कार्य न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाते हैं, बल्कि समाज को यह संदेश भी देते हैं कि सेवा और संवेदनशीलता ही सबसे बड़ा धर्म है।
इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने भी रेवती प्रधान एवं विलासिनी बैरागी के इस प्रेरणादायी प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक विद्यालय में इसी प्रकार आत्मीयता और सेवा की भावना विकसित हो जाए तो शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के मन में संस्कार और अपनापन भी मजबूत होगा।
सावन सोमवार पर किया गया यह छोटा-सा प्रयास आज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और दोनों रसोइयों का यह सेवा भाव समाज के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है।

- सारंगढ़ के नन्हें हाथों में ‘आशीर्वाद का दीया’..जेन-अल्फा ने तोतली जुबां से मांगी प्रधानमंत्री मोदी की लंबी उम्र की दुआ.. - September 17, 2026
- सारंगढ़ में 51 हजार दीपों से जगमगाया खाड़ाबन तालाब, मोदी के जन्मदिन पर जिलेभर में दिखा दीपोत्सव जैसा नजारा… - September 17, 2026
- सारंगढ़ में धार आपार अभियान को रफ्तार, जिला स्तरीय प्रशिक्षण में गुणवत्ता पर जोर.. - September 17, 2026
