सारंगढ़। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर पूरे जिले में समरसता संकल्प अभियान चलाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल ने बताया कि इस अभियान के तहत संत रविदास के जीवन, दर्शन और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले के सभी मंडलों में पवित्र कलश यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि संत रविदास समाज में समता, भाईचारे और मानवता के प्रतीक हैं तथा उनका संदेश आज भी समाज को नई दिशा देता है।
ज्योति पटेल ने कहा कि भाजपा ने एक पावन और प्रेरणादायी अभियान का संकल्प लिया है। यह यात्रा पूरे जिले में भ्रमण कर समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क करेगी तथा एकता, संवेदनशीलता, समावेशिता और सामाजिक समरसता का संदेश देगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान आगामी वर्ष की माघ पूर्णिमा तक लगातार संचालित रहेगा और पार्टी कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर संत रविदास के विचारों और उनके बताए मार्ग से प्रेरणा लेने का आह्वान करेंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जल कलश का पूजन राजधानी के श्रीराम मंदिर में पूज्य साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इसके बाद 4 अगस्त को राजधानी स्थित पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम में कलश वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश के साधु-संत तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में प्रदेश के 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे जाएंगे, जिसके बाद प्रदेश के 479 मंडलों में कलश वितरण और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ज्योति पटेल ने कहा कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी और जल कलश पूरे जिले में भ्रमण कर संत रविदास के समरस समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे, जिससे सामाजिक सद्भाव, समानता और भाईचारे का वातावरण और अधिक सशक्त होगा।

- सारंगढ़ में ‘सेवा संकल्प’ की नई पहल, हर बच्चे तक पहुंचेगी शिक्षा.. - September 18, 2026
- सारंगढ़ की संतोषी के लिए महतारी वंदन बनी उम्मीद की किरण… - September 18, 2026
- सारंगढ़ में हजारों दीयों से जगमगाया माई नाथलदाई मंदिर, सेवा संकल्प में दिखी श्रद्धा और जनभागीदारी की रोशनी… - September 18, 2026
