सारंगढ़। भारत के 25 करोड़ बच्चों के सपनों को साकार करना केवल व्यक्तिगत प्रयास नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर, सुरक्षित वातावरण और आगे बढ़ने का समान अधिकार मिले—इसी उद्देश्य को लेकर सेवा संकल्प दिवस के माध्यम से जनभागीदारी को शिक्षा से जोड़ने की पहल की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आज से सेवा संकल्प दिवस के रूप में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
जिला स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों की शिक्षा, संस्कार, प्रतिभा विकास और उज्ज्वल भविष्य को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों के भविष्य निर्माण से जोड़ना है, ताकि शिक्षा के क्षेत्र में सामूहिक सहयोग को मजबूत किया जा सके।
नवागत जिला शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल ने सेवा संकल्प अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि भारत का भविष्य 25 करोड़ बच्चों की आंखों में पल रहे सपनों में बसता है। हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण, अच्छे संस्कार और आगे बढ़ने का समान अवसर उपलब्ध कराना सशक्त एवं विकसित भारत की मजबूत आधारशिला है।

संसाधनों के अभाव में अधूरा न रहे किसी बच्चे का सपना
डीईओ एल.एन. पटेल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी होगी। इसी भावना के साथ बच्चों के सपनों को संबल देना ही सच्चा सेवा संकल्प है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का सपना संसाधनों के अभाव में अधूरा नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले और हर बचपन मुस्कुराता रहे, यही अभियान की मूल भावना है।
उन्होंने जिले के सभी शिक्षक साथियों, शिक्षक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और गैर सरकारी संगठनों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और आपसी सहयोग से बच्चों के सपनों को भारत के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर में बदला जा सकता है।
शिक्षा और संस्कार के लिए मिलकर आगे आने की अपील
जिला शिक्षा अधिकारी ने अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि “बच्चों का सपना भारत का भविष्य, बच्चों की मुस्कान भारत की पहचान” की भावना के साथ सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने “एक कदम शिक्षा के लिए, एक कदम संस्कार के लिए और एक कदम बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए” आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, एनजीओ और समाज के जागरूक नागरिकों से आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ बच्चों के हित में कार्य करने की अपील की। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शिक्षा को केवल विद्यालय तक सीमित न रखते हुए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
- 25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प..शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वलभविष्य : डीईओ एल.एन. पटेल… - September 17, 2026
- महेश यादव की रानीसागर तालाब में तैरती मिली लाश, महराजपुर गांव में शोक… - September 17, 2026
- जनपद पंचायत संघ की प्रदेश कार्यकारिणी में ममता राजीव सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, बनीं प्रदेश उपाध्यक्ष,वीरेंद्र साहू प्रदेश अध्यक्ष… - September 17, 2026
