सारंगढ़-बिलाईगढ़। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में विगत दिवस हुए आतंकी हमले में जिले के बिलाईगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छुईहा (धनसीर) निवासी 24 वर्षीय भूपेंद्र भैना की मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की सूचना शुक्रवार देर रात परिजनों को मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। संवेदनशील घटना को देखते हुए जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए अलर्ट मोड में कार्य शुरू कर दिया।
शनिवार को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा स्वयं मृतक के निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। कलेक्टर ने मृतक की बहन को गले लगाकर इस कठिन घड़ी में हिम्मत बनाए रखने की बात कही तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान बिलाईगढ़ एसडीएम प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार, एसडीओपी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन जम्मू-कश्मीर प्रशासन, छत्तीसगढ़ शासन एवं संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है, ताकि आवश्यक सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हों और परिवार को हरसंभव सहायता मिल सके।
भूपेंद्र भैना का विवाह लगभग चार वर्ष पूर्व हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र मानस, दादी शांति बाई, 22 वर्षीय छोटी बहन अन्नू भैना, माता नागेश्वरी, पिता दशरथ तथा 18 वर्षीय छोटा भाई अनुराग भैना हैं। भूपेंद्र के असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस दुखद घड़ी में परिवार को किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर प्रशासन हर समय उनके साथ खड़ा रहेगा।

- गौरा चौरा में विराजे विघ्नहर्ता, गणेशोत्सव की धूम शुरू… - September 17, 2026
- सारंगढ़ स्थापना दिवस सूना क्यों?क्या कांग्रेस विधायकों का दंश झेल रही जिले की जनता – भरत अग्रवाल - September 17, 2026
- 25 करोड़ बच्चों के सपनों को पंख देने का सेवा संकल्प..शिक्षा, प्रतिभा और समान अवसरों से गढ़ेंगे भारत का उज्ज्वलभविष्य : डीईओ एल.एन. पटेल… - September 17, 2026
