सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के लिए गर्व की बात है कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आम पीएचसी) पवनी ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (एनएचएसआरसी), नई दिल्ली द्वारा जारी आदेश के अनुसार राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों की विस्तृत बाह्य मूल्यांकन प्रक्रिया में पीएचसी पवनी ने 94.46 प्रतिशत का उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त करते हुए सभी निर्धारित गुणवत्ता मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया।
यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि पीएचसी पवनी में मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं मानक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मूल्यांकन के दौरान ओपीडी, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन, प्रशासनिक व्यवस्था, संक्रमण नियंत्रण, रिकॉर्ड प्रबंधन, स्वच्छता, मरीजों की सुरक्षा तथा सेवा गुणवत्ता सहित विभिन्न मानकों का गहन परीक्षण किया गया, जिसमें संस्था ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र कुमार वैष्णव ने इस उपलब्धि पर सभी चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय प्रमाणन जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की कार्यकुशलता और सेवा गुणवत्ता को मिली महत्वपूर्ण पहचान है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य केवल राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिले के प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षित, सुलभ और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता सुधार, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता, मरीजों की संतुष्टि तथा मानक संचालन प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर लगातार कार्य किया जा रहा है। पीएचसी पवनी की यह उपलब्धि जिले के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

- सारंगढ़:अतिक्रमण हटा, संवरी बच्चों की राह; जामपाली में शासकीय जमीन पर बना आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र…. - September 20, 2026
- अधूरे आवासों पर सीईओ की सख्ती, लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस के निर्देश… - September 20, 2026
- अतिक्रमण मुक्त जमीन बनी ‘लखपति दीदी’ की राह! - September 20, 2026
