सारंगढ़-बिलाईगढ़, 29 जुलाई। जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। लातनाला में कार बहने की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने सभी नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल बैरिकेटिंग लगाने तथा ऐसे मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए। साथ ही कोटवारों के माध्यम से लोगों को जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने एग्रीस्टेक के तहत किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन जल्द पूरा करने, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने तथा विकसित भारत अभियान एवं मनरेगा के तहत स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के सभी कार्यालयों और ब्लॉक स्तर पर ऑनलाइन बायोमैट्रिक उपस्थिति अनिवार्य करने, ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलों का संचालन एवं पत्राचार सुनिश्चित करने तथा सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूर्ण करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में भटगांव मंडी सचिव को कार्यालय समय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, कौशल विकास प्रशिक्षण बैचों का नियमित संचालन, विद्युत करंट से मृत गाय के मालिक को आर्थिक सहायता, जल जीवन मिशन और जल आवर्धन योजनाओं के तहत खोदे गए गड्ढों की मरम्मत, श्रम हितग्राहियों की अपार आईडी बनाने, रनकोट स्कूल का निरीक्षण कराने तथा पीएम आदर्श ग्राम योजना में पुराने कार्य पूरे होने के बाद ही अगली किस्त जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने नगरपालिका सारंगढ़ के तालाबों की सफाई, देवारपारा में आधार कार्ड शिविर, मुख्यमंत्री मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा नगरीय निकायों में सर्वे पट्टा कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा स्कूली बच्चों के जाति प्रमाण पत्र, किसानों के पीएम किसान सम्मान निधि, शासकीय विभागों के भू-आबंटन, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
