सारंगढ़। पुलिस विभाग में अपनी अलग कार्यशैली और सहज व्यवहार के लिए पहचान बनाने वाली डीएसपी स्नेहिल साहू के तबादले की खबर से सारंगढ़ शहर में मायूसी का माहौल है। उनके स्थानांतरण की सूचना सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर शहर की चौपालों और चाय की दुकानों तक इसी विषय पर चर्चा शुरू हो गई। कई लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए भावुक प्रतिक्रियाएं दीं।
डीएसपी स्नेहिल साहू ने अपने कार्यकाल के दौरान केवल एक पुलिस अधिकारी के रूप में ही नहीं, बल्कि सारंगढ़ की बेटी की तरह लोगों के बीच अपनी पहचान बनाई। महिला सुरक्षा को लेकर चलाए गए जागरूकता अभियान, स्कूल-कॉलेजों में छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी देना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं रहीं। उनके मृदुभाषी और सरल स्वभाव ने समाज के हर वर्ग का विश्वास जीता।
स्थानीय नागरिकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं और बेटियों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ाया। लोगों का कहना है कि इतने कम समय में जिस तरह उन्होंने शहर और लोगों से आत्मीय जुड़ाव बनाया, वह विरले ही देखने को मिलता है।
शहरवासियों का कहना है कि डीएसपी स्नेहिल साहू के स्थानांतरण से सारंगढ़ ने एक कर्तव्यनिष्ठ, संवेदनशील और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी को खो दिया है। कई लोगों ने प्रशासन से उनके तबादले पर पुनर्विचार करने की भी अपील की है। उनके जाने की खबर से शहर में भावनात्मक माहौल बना हुआ है और लोग उनके कार्यों को लंबे समय तक याद रखने की बात कह रहे हैं।





