सारंगढ़। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क भी बाधित हो गया है। इसी बीच मानवता और साहस की मिसाल पेश करने वाली एक घटना सामने आई, जहां घटोरा गांव निवासी 70 वर्षीय बालमुकुंद बरिहा लात नाला में अचानक आए तेज बहाव के बीच फंस गए।
बताया जा रहा है कि नाले का जलस्तर अचानक बढ़ने से बालमुकुंद बरिहा बीच धारा में घिर गए। तेज बहाव के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और अपनी जान बचाने के लिए एक पेड़ का सहारा लेकर पूरी रात वहीं बितानी पड़ी। अंधेरी रात और लगातार बारिश के बीच उनका हर पल मुश्किलों से भरा रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही सुबह प्रशासन हरकत में आया। SDRF एवं गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए बुजुर्ग तक पहुंच बनाई और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बुजुर्ग के सकुशल बाहर आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद लोगों ने रेस्क्यू टीम की तत्परता, साहस और पेशेवर कार्यशैली की जमकर सराहना की। समय पर की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और मौसम तथा प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

- सारंगढ़:बारिश बनी आफत, उफनते लात नाला में पूरी रात पेड़ के सहारे फंसे रहे बुजुर्ग, सुबह रेस्क्यू टीम ने बचाई जान… - July 27, 2026
- सारंगढ़:उफनते लातनाला ने निगली कार, कलेक्टर-एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा… - July 27, 2026
- शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई… - July 27, 2026




