सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सोमवार सुबह सारंगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर स्थित माधोपाली पहुंचकर लातनाला में लापता दंपती की तलाश में चल रहे रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। उन्होंने राज्य आपदा राहत बल (एसडीआरएफ) की टीम एवं ग्रामीणों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा तलाशी अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम ग्राम बड़े घोठला निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी कार से गुजर रहे थे। इस दौरान माधोपाली के पास बने पुल के नीचे लातनाला में बरसात के कारण तेज बहाव था। बावजूद इसके चालक ने पानी के बीच से वाहन निकालने का प्रयास किया, जिससे कार तेज धारा में बह गई और दोनों लापता हो गए।
प्रशासन को घटना का वीडियो भी मिला है, जिसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि पुल के नीचे से तेज पानी बह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मौके पर मौजूद 6 से 7 लोगों ने दंपती को बचाने की कोशिश करने के बजाय घटना का वीडियो बनाना अधिक उचित समझा। प्रशासन का मानना है कि यदि तत्काल साहस दिखाकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाता, तो संभवतः दोनों की जान बचाई जा सकती थी।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने एसडीआरएफ टीम को हर संभव प्रयास करते हुए तलाशी अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान पुल-पुलियों और उफनते नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा ऐसी किसी भी आपात स्थिति में वीडियो बनाने के बजाय तत्काल बचाव और प्रशासन को सूचना देने को प्राथमिकता दें।


- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
