सारंगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला यातायात पुलिस द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गोडम में छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान जिला यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही यातायात संकेतों का पालन, सड़क पार करते समय दाएं-बाएं देखकर केवल ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा वाहन चलाते या पैदल चलते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सीख दी गई। अधिकारियों ने ओवरस्पीडिंग से बचने और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व पर भी विशेष जोर दिया।
छात्र-छात्राओं को बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा मोटर वाहन चलाना कानूनन अपराध है, इसलिए किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं चलाना चाहिए। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने भी उत्साह के साथ यातायात नियमों का पालन करने तथा समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला यातायात प्रभारी जितेंद्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक मुकेश साहू, आरक्षक अक्षय रात्रे, विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



- सारंगढ़:नन्हें कदमों को मिला सड़क सुरक्षा का पाठ, यातायात नियमों का दिलाया संकल्प… - July 27, 2026
- सारंगढ़:बारिश बनी आफत, उफनते लात नाला में पूरी रात पेड़ के सहारे फंसे रहे बुजुर्ग, सुबह रेस्क्यू टीम ने बचाई जान… - July 27, 2026
- सारंगढ़:उफनते लातनाला ने निगली कार, कलेक्टर-एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा… - July 27, 2026




