सक्ती। शनिवार शाम सक्ती जिले के हसौद थाना परिसर में उस समय सनसनी फैल गई, जब थाने में पदस्थ आरक्षक जय कुमार लहरे का शव थाने की ऊपरी मंजिल के एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारकर हसौद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। आरक्षक की असामयिक मौत से पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक के घर सूचना पहुंचते ही मातम छा गया। पत्नी, बच्चे और अन्य परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। परिवार गहरे सदमे में है और फिलहाल किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं है। सभी के मन में एक ही सवाल है कि आखिर ऐसी नौबत क्यों आई।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। वरिष्ठ अधिकारी हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर पुलिसकर्मियों पर बढ़ते मानसिक दबाव और तनाव की ओर ध्यान आकर्षित करती है। लंबी ड्यूटी, सीमित संसाधन, पारिवारिक जिम्मेदारियां और लगातार कार्य का दबाव कई बार पुलिस जवानों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डालता है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पूरे पुलिस महकमे ने दिवंगत आरक्षक जय कुमार लहरे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।



- गांजा तस्करों पर सरिया पुलिस का शिकंजा, थाना प्रभारी की मुस्तैदी से 10.761 किलो गांजा बरामद… - September 13, 2026
- भादी अमावस्या पर दादी के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब… - September 13, 2026
- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
