सारंगढ़। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सारंगढ़ में विजय रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। रैली के दौरान जयघोष के नारे लगाए गए तथा कैंडल जलाकर छात्रों के संघर्ष को सलाम किया गया।
विजय रैली की शुरुआत जय स्तंभ चौक से हुई, जहां कांग्रेसियों ने कैंडल जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रैली मिलन चौक, बीरपारा चौक, तुर्की तालाब और गार्डन होते हुए जनपद पंचायत कार्यालय पहुंची। यहां डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा के समक्ष कैंडल प्रज्वलित कर विजय मार्च का समापन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “महात्मा गांधी अमर रहें”, “जय भीम” और “सत्यमेव जयते” के नारे लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि घनश्याम मनहर ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा संघर्षरत छात्रों की जीत का प्रतीक है। सूरज तिवारी और संजय दुबे ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन का प्रभाव भाजपा सरकार पर स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
वहीं रमेश खूंटे और अजय बंजारे ने इसे लोकतांत्रिक संघर्ष की बड़ी सफलता बताया। पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण मालाकार ने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों के आंदोलन से घबरा गई है और पूरे देश में उसकी आलोचना हो रही है। जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज ने कहा कि छात्रों की आवाज के सामने सरकार को झुकना पड़ा है और भविष्य में छात्रों के साथ इस प्रकार का व्यवहार नहीं होना चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े ने छात्रों के संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ हुई घटनाओं के विरोध में चले लंबे आंदोलन ने सरकार को झुकने पर मजबूर किया है। उन्होंने कहा कि छात्रों का सम्मान करना हर सरकार की जिम्मेदारी है क्योंकि वही देश का भविष्य हैं।
कार्यक्रम के अंत में शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिदार एवं राकेश पटेल ने विजय मार्च में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, छात्रों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गनपत जांगड़े, जिला उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, जिला महामंत्री राधे जायसवाल, ध्वजाराम पटेल, अजीतराम पटेल, तुलसी विजय बसंत, सरिता गोपाल, कमला निराला, लता जाटवर, शशि कोमल पटेल, नागेश्वर महंत, मितेंद्र यादव, शाहजहां खान, राकेश तिवारी, कमल अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





