सारंगढ़। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा सारंगढ़ स्थित सीपीएम कॉलेज में ‘माय भारत’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया तथा ‘माय भारत’ पोर्टल में अधिक से अधिक पंजीयन करने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर प्रभारी खेल अधिकारी सह डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, कॉलेज के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी एवं प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि ‘माय भारत’ एक ऐसा आधुनिक मंच है, जो भौतिक एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने का कार्य करता है। इसके जरिए युवाओं को अनुभवात्मक शिक्षा, स्वयंसेवा के अवसर, विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों एवं मेगा इवेंट्स में भागीदारी का अवसर मिलता है।
इसके साथ ही माय भारत युवाओं को प्रोफाइल निर्माण, सीवी बिल्डर, मेंटरशिप और कौशल विकास जैसे उपयोगी संसाधन भी उपलब्ध कराता है, जिससे वे अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास को नई दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि माय भारत भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के अधीन कार्यरत एक स्वायत्त निकाय है, जिसका उद्देश्य नेतृत्व क्षमता, नवाचार, नागरिक सहभागिता, स्वयंसेवा और कर्तव्यबोध की भावना को बढ़ावा देकर युवाओं को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ना है। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से इस मंच से जुड़कर राष्ट्र निर्माण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।





