सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ थाना सलिहा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के कुशल नेतृत्व, सतर्क निगरानी और प्रभावी वाहन जांच अभियान के चलते पुलिस ने हरियाणा के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8.656 किलोग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 23 जुलाई 2026 को थाना सलिहा के सामने मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान बसना रोड की ओर से आ रही एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान चालक के बैग से 5.175 किलोग्राम तथा पीछे बैठे युवक के पास रखे पैकेट से 3.479 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस प्रकार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 8.656 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के पलवल जिले निवासी 29 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह तथा 23 वर्षीय जीतन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 90 हजार रुपये है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में थाना सलिहा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ पूरी मुस्तैदी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उनकी सतर्क कार्यशैली और पुलिस टीम की सक्रियता के कारण अंतरराज्यीय तस्करों को कानून के शिकंजे में लाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

- डॉ. दीपक जायसवाल की पहल से जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, अब सारंगढ़ में ही होगी नि:शुल्क सिकेल सेल की सटीक जांच… - July 24, 2026
- सलिहा पुलिस का सटीक वार, थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार… - July 24, 2026
- सारंगढ़ में विकास की नई इबारत लिखने को प्रतिबद्ध जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय..सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में दिखाई कड़ी प्रशासनिक दक्षता.. - July 24, 2026




