सारंगढ़। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के कुशल मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के विशेष प्रयासों से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ लगातार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सशक्त हो रहा है। इसी कड़ी में अटल आरोग्य लैब में सिकेल सेल बीमारी की पुष्टि (Confirmatory Test) के लिए अत्याधुनिक एचपीएलसी (High-Performance Liquid Chromatography) मशीन सफलतापूर्वक स्थापित कर दी गई है। इस सुविधा के शुरू होने से अब जिले के मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध होगी।
डॉ. दीपक जायसवाल के सतत प्रयासों का ही परिणाम है कि जिला अस्पताल में लगातार आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं जुड़ रही हैं। नई एचपीएलसी मशीन के माध्यम से अब सिकेल सेल वाहक (AS) और सिकेल सेल पीड़ित (SS) मरीजों की सटीक पहचान कम समय में संभव होगी, जिससे समय पर उचित उपचार शुरू किया जा सकेगा और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
प्रेस को जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि सिकेल सेल एक अनुवांशिक रक्त विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं सामान्य गोल आकार के बजाय हंसिया के आकार की हो जाती हैं। इसके कारण शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह प्रभावित होता है और मरीज को एनीमिया, असहनीय दर्द तथा बार-बार संक्रमण जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि सिकेल सेल बीमारी दो प्रकार की होती है। सिकेल सेल ट्रेट (AS) वाले व्यक्ति सामान्यतः स्वस्थ रहते हैं, लेकिन वे इस जीन को अगली पीढ़ी तक पहुंचा सकते हैं। वहीं सिकेल सेल रोग (SS) से पीड़ित मरीजों में गंभीर लक्षण दिखाई देते हैं और उन्हें नियमित उपचार एवं विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है।
डॉ. जायसवाल ने बताया कि नई एचपीएलसी मशीन की मदद से मरीज के वाहक या पीड़ित होने की सटीक एवं शीघ्र पहचान हो सकेगी। इससे चिकित्सकों को सही उपचार योजना बनाने में आसानी होगी और मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं, ब्लड ट्रांसफ्यूजन तथा अन्य चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि सिकेल सेल मरीजों को फोलिक एसिड एवं हाइड्रोक्सीयूरिया जैसी आवश्यक दवाएं दी जाती हैं। गंभीर एनीमिया की स्थिति में सुरक्षित रक्त चढ़ाया जाता है तथा मरीजों को पर्याप्त पानी पीने, अत्यधिक ठंड एवं गर्मी से बचने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी जाती है।
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने आमजन से अपील की कि विवाह से पूर्व एवं गर्भावस्था के दौरान सिकेल सेल की जांच अवश्य कराएं, ताकि आने वाली पीढ़ी को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के अटल आरोग्य लैब में यह जांच और उपचार सुविधाएं पूर्णतः नि:शुल्क उपलब्ध हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लैब में माइक्रोबायोलॉजी जांच के लिए आवश्यक उपकरण भी प्राप्त हो चुके हैं। इससे निकट भविष्य में कल्चर टेस्ट की सुविधा भी शुरू हो जाएगी, जिससे जिले के मरीजों को और अधिक उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी। जिला चिकित्सालय में लगातार बढ़ रही आधुनिक सुविधाएं डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं।

- डॉ. दीपक जायसवाल की पहल से जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, अब सारंगढ़ में ही होगी नि:शुल्क सिकेल सेल की सटीक जांच… - July 24, 2026
- सलिहा पुलिस का सटीक वार, थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार… - July 24, 2026
- सारंगढ़ में विकास की नई इबारत लिखने को प्रतिबद्ध जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय..सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में दिखाई कड़ी प्रशासनिक दक्षता.. - July 24, 2026




