सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भटगांव पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब बेचने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 22 एवं 23 जुलाई 2026 को ग्राम जुनवानी, भटगांव वार्ड क्रमांक 9 तथा सबरिया डेरा सलोनीकला में पुलिस टीम ने एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान हरि बंजारे के कब्जे से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब, ईश्वर कुर्रे के कब्जे से 6.5 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब तथा लक्ष्मण गोड के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4,500 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में भटगांव पुलिस अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ अभियान चला रही है। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी, सहायक उप निरीक्षक बलिराम निराला, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक पवन बंजारे, राहुल खूंटे, शशिकांत खूंटे, राजेंद्र चंद्रा, महिला आरक्षक रीना बघेल सहित समस्त थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।








