सारंगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के निर्देश एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन के नेतृत्व में सारंगढ़ के जवाहर भवन मेला ग्राउंड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी, कथित नेट परीक्षा पेपर लीक तथा दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में आयोजित किया गया।
बरसते बारिश के बीच भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मेला ग्राउंड पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे प्रदर्शन के दौरान कुछ देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई छीना-झपटी
पुतला दहन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक छीना-झपटी होती रही। मितेंद्र यादव, शाहजहां खान, घनश्याम मनहर, विनोद भारद्वाज, राकेश पटेल, रामनाथ सिदार, सतीश श्रीवास, बिजेंद्र गुड्डू, नागेश्वर महंत, महेश नायक और हेमंत चंद्रा सहित कई कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देते हुए अंततः मेला ग्राउंड में प्रधानमंत्री का पुतला जलाने में सफल रहे।
युवा कांग्रेस ने संभाली विरोध की कमान
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शुभम वाजपेई, मुकेश साहू, राजेंद्र वारे, जितेंद्र पुराइन, विकास मालाकार सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने जोशीली नारेबाजी कर प्रदर्शन को और अधिक आक्रामक बना दिया। लगातार हो रही बारिश भी कार्यकर्ताओं के हौसले को कम नहीं कर सकी।
विधायक और वरिष्ठ नेताओं ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना
प्रदर्शन के दौरान विधायक श्रीमती कविता लहरे, पूर्व विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय, प्रदेश सचिव छत्रसाल साहू, संजय दुबे, सूरज तिवारी, गोल्डी नायक, राधे जायसवाल, रविंद्र नंदे सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।
नेताओं ने कहा कि छात्रों, किसानों, व्यापारियों, पत्रकारों और आम जनता की आवाज दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विरोध की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास कर रही है।
जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार
प्रदर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन एवं पूर्व संसदीय सचिव चंद्रदेव राय ने राहुल गांधी सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।
ताराचंद देवांगन ने कहा कि अल्प सूचना और लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति यह दर्शाती है कि संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दों पर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं और कार्यक्रम को कवर करने वाले मीडिया प्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया।
- सारंगढ़:छात्रावासों पर कलेक्टर की सख्ती, सुरक्षा, अनुशासन और ऑनलाइन अटेंडेंस में लापरवाही बर्दाश्त नहीं… - July 22, 2026
- सारंगढ़:देहदान कर मानवता की अमिट मिसाल छोड़ गए गणेश दास मानिकपुरी… - July 22, 2026
- सारंगढ़:1098 की गूंज हर गांव तक, बाल विवाह पर जीरो टॉलरेंस—कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश… - July 22, 2026




