बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संपत्ति एवं शरीर संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से रेंज स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला का आयोजन किया। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना प्रभारी सहित करीब 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
कार्यशाला में सक्ती पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने ‘गुंडा एवं निगरानी बदमाश’ विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए प्रिवेंटिव पुलिसिंग और बेसिक पुलिसिंग को प्रभावी ढंग से लागू करने के उपाय बताए। उन्होंने अपराधियों के सटीक वर्गीकरण, हिस्ट्रीशीट संधारण, नियमित निगरानी, सरप्राइज चेकिंग, रिकॉर्ड अपडेट, बीट व्यवस्था को मजबूत करने तथा डिजिटल और मैनुअल रिकॉर्ड के बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।
आईजी श्री गर्ग ने निर्देश दिए कि प्रत्येक सक्रिय बदमाश पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहे और अपराध की पुनरावृत्ति किसी भी कीमत पर न होने पाए। उन्होंने “एक गुंडा-एक जवान” नीति अपनाने, जमानत पर छूटे अपराधियों पर विशेष नजर रखने, आवश्यक होने पर जमानत निरस्त कराने, जिला बदर, बाउंड ओवर और अन्य वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मानवाधिकारों और सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने पर भी बल दिया।
कार्यशाला में ग्राम अपराध नोटबुक (VCNB), कोटवारों एवं पुलिस मित्रों की सक्रिय भागीदारी, अंतरराज्यीय अपराधियों की ट्रैकिंग, Cri-MAC ऐप के माध्यम से इंटेलिजेंस साझा करने तथा राष्ट्रीय पर्वों एवं त्योहारों से पहले गुंडा-बदमाशों की परेड आयोजित करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के समापन पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर की प्रस्तुति की सराहना करते हुए सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया कि कार्यशाला में दिए गए निर्देशों की स्वयं मॉनिटरिंग करें और उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें, ताकि बिलासपुर रेंज को अपराधमुक्त और सुरक्षित बनाया जा सके।



- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
