सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के सख्त निर्देशों का असर लगातार देखने को मिल रहा है। थाना में दर्ज प्रकरणों के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने विश्वकर्मा योजना के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को सक्ती जिले से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। इस कार्रवाई ने आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत किया है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमीषा पाण्डेय एवं एसडीओपी स्नेहिल साहू के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके निवास स्थान से दबोच लिया।
प्रकरण के अनुसार, ग्राम पिंडरी निवासी गजानंद निराला ने थाना सारंगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि शुभम भारद्वाज निवासी छोटे कोट, जिला सक्ती ने स्वयं को शासन की विश्वकर्मा योजना से जुड़ा बताते हुए 2,500 रुपये पंजीयन शुल्क जमा करने पर 22 दिनों में 24,000 रुपये मिलने का झांसा दिया। इसी प्रलोभन में आकर पीड़ित से कुल 3 लाख 75 हजार रुपये की ठगी कर ली गई।
शिकायत की जांच के बाद थाना सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए सक्ती जिले में दबिश देकर आरोपी शुभम भारद्वाज (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, सउनि नरेंद्र मनहर, आरक्षक चंदन, मिनिकेतन पटेल, प्रमोद पटेल एवं सिटी कोतवाली के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जिले में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सक्रिय कार्यशैली और त्वरित विवेचना के चलते ठगी जैसे मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी संभव हो रही है, जिससे आमजन में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

- एसपी सुनील शर्मा की अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति सफल, थाना प्रभारी प्रमोद यादव की टीम ने चार माह पुराने लूटकांड के आरोपी को दबोचा… - July 21, 2026
- विश्वकर्मा योजना के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, एसपी सुनील शर्मा की सख्ती और टीआई प्रमोद यादव की तत्परता से बड़ी सफलता… - July 21, 2026
- सारंगढ़:नई प्रशासनिक टीम एक्शन मोड में, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिए सख्त निर्देश… - July 21, 2026




