सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के सख्त निर्देशों का असर लगातार दिखाई दे रहा है। उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के कुशल मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने चार माह पुराने लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रितेश निषाद निवासी बड़े नवापारा ने 5 अप्रैल 2026 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह रात करीब 12 बजे पिकअप वाहन से बलौदाबाजार जा रहा था। इसी दौरान ग्राम छिंद स्थित आकाश ढाबा के पास राजा साहू और उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट कर 18 हजार रुपये नगद एवं मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 154/2026 धारा 351(3), 136(2), 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद से आरोपी ओमप्रकाश उर्फ राजा साहू, पिता नरसिंह साहू, निवासी गोढ़ियारी, थाना सारंगढ़, लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा द्वारा पुराने मामलों में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के विशेष निर्देश दिए जाने के बाद थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया।
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूट की वारदात को स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, प्रार्थी से लूटा गया मोबाइल फोन तथा नगदी राशि बरामद कर ली गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, उपनिरीक्षक जगदीश ठाकुर, आरक्षक पुरुषोत्तम राठौर, विमल जांगड़े, मिनिकेतन पटेल, योगेश एवं थाना सिटी कोतवाली के समस्त पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व में लगातार हो रही प्रभावी कार्रवाई से जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार मजबूत हो रहा है। वहीं थाना प्रभारी प्रमोद यादव की सक्रिय कार्यशैली और टीम की सतर्कता के चलते पुराने मामलों का भी तेजी से खुलासा हो रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अपराधियों में पुलिस का भय बढ़ा है।

- एसपी सुनील शर्मा की अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति सफल, थाना प्रभारी प्रमोद यादव की टीम ने चार माह पुराने लूटकांड के आरोपी को दबोचा… - July 21, 2026
- विश्वकर्मा योजना के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे, एसपी सुनील शर्मा की सख्ती और टीआई प्रमोद यादव की तत्परता से बड़ी सफलता… - July 21, 2026
- सारंगढ़:नई प्रशासनिक टीम एक्शन मोड में, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने दिए सख्त निर्देश… - July 21, 2026




