सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जुलाई 2026। जिले में पंजीकृत असंगठित एवं भवन एवं अन्य सन्निर्माण श्रमिकों के लिए श्रम विभाग ने विशेष ई-केवाईसी अभियान शुरू किया है। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग के निर्देशानुसार श्रमिकों के डेटाबेस को अपडेट करने तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत सभी श्रमिकों के लिए श्रम कार्ड का ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया है।
श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन श्रमिकों का ई-केवाईसी पूर्ण नहीं होगा, उन्हें विभाग द्वारा संचालित किसी भी कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा। इसलिए सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे शीघ्र अपने श्रम कार्ड का ई-केवाईसी और आवश्यक विवरणों का संशोधन कराएं।
इस कार्य के लिए श्रमिकों को सरकारी कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने मूल आधार कार्ड और श्रम कार्ड के साथ नजदीकी सेवा सेतु सेंटर (पूर्व में सीएससी) पहुंचकर आसानी से ई-केवाईसी और विवरण संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
श्रम पदाधिकारी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने बताया कि कई श्रमिकों के पुराने पंजीयन में दर्ज जानकारी आधार कार्ड से मेल नहीं खाती है। शासन के निर्देशानुसार अब सभी रिकॉर्ड को आधार कार्ड के अनुरूप अपडेट करना अनिवार्य है, ताकि भविष्य में योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।
इन जानकारियों का आधार कार्ड के अनुसार संशोधन आवश्यक है:
नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों में)
लिंग
जन्मतिथि
मोबाइल नंबर
श्रम विभाग ने जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे योजनाओं के लाभ से वंचित होने से बचने के लिए प्राथमिकता के आधार पर नजदीकी सेवा सेतु सेंटर में जाकर ई-केवाईसी एवं आवश्यक सुधार कार्य जल्द से जल्द पूरा कराएं।

- स्टार्टअप का सुनहरा मौका: एक ही मंच पर मिलेंगे विशेषज्ञ, निवेश और सरकारी योजनाओं की जानकारी… - July 16, 2026
- सारंगढ़:ई-केवाईसी नहीं कराया तो रुक जाएगा योजनाओं का लाभ, श्रमिकों के लिए विशेष अभियान शुरू… - July 16, 2026
- सारंगढ़:फ्लाई ऐश भराव मामले में खनिज विभाग का स्पष्टीकरण, अनुमति प्रक्रिया बताई… - July 16, 2026




