सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जुलाई 2026। जिले के ग्राम बोंदा की शासकीय कोटवारी भूमि में सैकड़ों टन फ्लाई ऐश भराव किए जाने संबंधी प्रकाशित खबर पर खनिज विभाग ने तथ्यात्मक खंडन जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रकरण ग्राम जोतपुर, तहसील बरमकेला की भूमि से जुड़ा है तथा फ्लाई ऐश भराव की अनुमति नियमानुसार पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा प्रदान की गई थी।
जारी स्पष्टीकरण के अनुसार, मेसर्स अदानी पावर लिमिटेड, छोटे भंडार (तहसील पुसौर, जिला रायगढ़) ने ग्राम जोतपुर स्थित खसरा क्रमांक 114, रकबा 0.2020 हेक्टेयर के निम्न भू-भाग में 30 हजार मीट्रिक टन फ्लाई ऐश से भू-भराव की अनुमति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया था।
विभाग ने बताया कि आवेदन के साथ कलेक्टर कार्यालय का अभिमत, ग्राम पंचायत की अनापत्ति, भूमि संबंधी राजस्व अभिलेख, खसरा एवं नक्शा, भूमि उपयोग की सहमति, साइट प्लान, रूट मैप, सेटेलाइट मैप, फ्लाई ऐश की मात्रा एवं भराव की गहराई का गणना-पत्रक तथा परिवहन, धूल नियंत्रण, सुरक्षा एवं भराव उपरांत भूमि उपयोग की कार्ययोजना सहित सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे।
इन दस्तावेजों के परीक्षण के बाद क्षेत्रीय कार्यालय, पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायगढ़ द्वारा प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्थल की भौगोलिक स्थिति, आसपास की आबादी, नाला एवं जलस्रोतों से दूरी, परिवहन मार्ग तथा संभावित पर्यावरणीय प्रभावों का विस्तृत परीक्षण किया गया।
खनिज विभाग के अनुसार, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की गाइडलाइन, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की 31 दिसंबर 2021 की फ्लाई ऐश अधिसूचना तथा पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा जारी एसओपी के अनुरूप 26 सितंबर 2025 को पत्र क्रमांक 1658/RO/TS/CECB/2025 के माध्यम से 30 हजार मीट्रिक टन फ्लाई ऐश के सशर्त भू-भराव की अनुमति जारी की गई थी।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि फ्लाई ऐश से संबंधित अनुमति जारी करने का अधिकार क्षेत्रीय पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायगढ़ के पास है तथा फ्लाई ऐश के परिवहन, उपयोग एवं किसी भी प्रकार की अवैध डंपिंग पर सतत निगरानी भी पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा ही की जाती है।

- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
