सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील शर्मा ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही वे एक्शन मोड में नजर आए और जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था को लेकर स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में नए पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा लंबे समय से लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर अधिकारियों के साथ गंभीर चर्चा करते हुए अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए।
एसपी सुनील शर्मा ने कहा कि जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ पूरी ईमानदारी एवं समर्पण से कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुरक्षा, पुलिस पर जनता का विश्वास और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने, जनता की शिकायतों का समयबद्धके एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान उन्होंने गंभीर अपराधों के शीघ्र निराकरण, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, अवैध शराब, सट्टा, जुआ, नशे के कारोबार और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय, एसडीओपी सारंगढ़ श्रीमती स्नेहिल साहू, एसडीओपी बिलाईगढ़ श्री विजय कुमार ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। नए एसपी की पहली बैठक से यह स्पष्ट संकेत मिल गया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जनता-केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।



- पकोड़े खाकर हो गए हैं बोर? बारिश में बनाएं कुरकुरी कोथंबीर वडी, जानें आसान विधि… - September 13, 2026
- संजू की होगी वापसी या वैभव और अभिषेक करेंगे ओपनिंग, जानें पहले टी20 में कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन… - September 13, 2026
- छत्तीसगढ़:इंस्टाग्राम रील देखकर शेयर ट्रेडिंग के जाल में फंसा कारोबारी, ₹94.50 लाख गंवाए… - September 13, 2026
