क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। 18 महीने में रकम दोगुनी करने का लालच देकर गृहिणी से चार लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

आरोपित ने बिटक्वाइन से जुड़ी एक कंपनी में निवेश कराने का भरोसा दिलाया और अपने खाते में आनलाइन रकम ट्रांसफर करा ली। प्राफिट नहीं मिलने पर महिला को धोखाधड़ी की जानकारी मिली। महिला की शिकायत पर तोरवा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
तोरवा क्षेत्र के हेमूनगर स्थित दुर्गा पंडाल के पास रहने वाली आशा भागचंदानी (62) गृहणी हैं। महिला ने बताया कि जनवरी 2024 में जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ निवासी गौरी शंकर दिवाकर से पहचान हुई थी। दोनों की मुलाकात व्यापार विहार स्थित उज्जीवन बैंक के बाहर हुई, जहां आशा भागचंदानी बैंक के काम से गई थीं।
घर आकर खुद किया इंटरनेट बैंकिंग से ट्रांसफर, अब बोला- कंपनी डूब गई, पैसे नहीं मिलेंगे
बातचीत के दौरान गौरी शंकर ने उन्हें बैंक में पैसा जमा रखने के बजाय बिटक्वाइन के माध्यम से श्रीवर्स नामक कंपनी में निवेश करने की सलाह दी। उसने दावा किया कि कंपनी में निवेश करने पर महज 18 महीने में रकम दोगुनी हो जाएगी। उसकी बातों पर भरोसा कर आशा भागचंदानी ने 27 जनवरी 2024 को उसे अपने घर बुलाया। वहां आरोपित ने इंटरनेट बैंकिंग के जरिए चार लाख रुपये अपने बताए बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए।
पीड़िता को विश्वास था कि तय अवधि पूरी होने पर उन्हें मूल राशि के साथ दोगुना लाभ मिलेगा। तय समय पूरे होने के बाद जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपित ने रुपये लौटाने से साफ इनकार कर दिया। उसने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि जिस कंपनी में निवेश कराया गया था, वह बंद हो चुकी है और अन्य निवेशकों के पैसे भी वापस नहीं मिलेंगे। इसके बाद आरोपित ने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया, जिससे उससे संपर्क नहीं हो सका। महिला ने पूरे मामले की शिकायत तोरवा थाने में की है। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
- साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा: 20 स्थानों पर चला जागरूकता अभियान, 2,800 लोगों को किया सतर्क… - August 27, 2026
- एक कॉल पर घर पहुंचा प्रशासन, दिव्यांग सौरभ की समस्या का त्वरित समाधान… - August 27, 2026
- रक्षाबंधन से पहले मिली खुशियों की किस्त, गीता मराठा ने कहा- विष्णु भैया का धन्यवाद… - August 27, 2026
