सारंगढ़-बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में इस वर्ष स्कूल खुलने के महज एक महीने के भीतर ही जिले की पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत निशुल्क साइकिल वितरित की जा रही है। समय पर साइकिल मिलने से छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है। अब दूर-दराज के गांवों से आने वाली छात्राओं को रोजाना 2 से 5 किलोमीटर तक पैदल चलने की मजबूरी नहीं रहेगी और वे आसानी से साइकिल से स्कूल पहुंच सकेंगी।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगढ़ की कक्षा 9वीं की छात्रा छोटी यादव, जो ग्राम झरपडीह से प्रतिदिन करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आती थी, आज निशुल्क साइकिल मिलने से बेहद खुश है। उसने कहा कि अब उसे रोजाना पैदल सफर नहीं करना पड़ेगा। इसी तरह ग्राम बासीनबहरा की आकांक्षा रात्रे, छात्रावास में रहने वाली दीक्षा सिदार सहित अनेक छात्राओं के लिए यह योजना बड़ी राहत बनकर सामने आई है।
जुलाई माह में ही साइकिल वितरण होने से ग्रामीण परिवारों को भी आर्थिक राहत मिली है। धान की बोआई और अन्य जरूरी खर्चों के बीच अब उन्हें बेटियों के लिए अलग से साइकिल खरीदने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। विशेषकर बीपीएल परिवारों के लिए यह योजना शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी जोइधा राम डहरिया ने बताया कि सारंगढ़, बरमकेला और बिलाईगढ़ विकासखंडों में साइकिलों की फिटिंग पूरी कर विद्यालयों के माध्यम से पात्र छात्राओं को लगातार वितरण किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सारंगढ़ में सहायक शिक्षक वीरेन्द्र जोल्हे की निगरानी में 150 पात्र छात्राओं को निशुल्क साइकिल वितरित की गई।
गौरतलब है कि सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य शासकीय एवं अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं की अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की छात्राओं को विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना तथा बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। सरकार की इस पहल से बेटियों की शिक्षा को नई गति मिलने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और नियमित विद्यालय आने की राह भी आसान हुई है।

- थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की सख्ती से जुआरियों में हड़कंप, 11 आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार… - August 27, 2026
- संत रविदास जयंती पर सारंगढ़ आएंगे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी… - August 26, 2026
- रक्षाबंधन से पहले ‘विष्णु भैया’ का तोहफा, बहनों के चेहरे खिले… - August 26, 2026
