सारंगढ़-बिलाईगढ़, 10 जुलाई 2026। जिले में सुशासन तिहार के दौरान मिली शिकायत पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया तहसील के ग्राम पुजेरीपाली के पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शासन के प्रति लापरवाही और आम जनता के कार्यों में उदासीनता बरतने के कारण की गई।
जानकारी के अनुसार, 20 मई को ग्राम पुजेरीपाली में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि संबंधित पटवारी अपने हल्के में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, फोन कॉल रिसीव नहीं करते और आम नागरिकों के राजस्व संबंधी कार्य समय पर नहीं करते। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि तहसीलदार सरिया द्वारा विभिन्न विभागीय कार्यों में लापरवाही को लेकर पटवारी को दो बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। सौंपे गए नक्शा बंटांकन सहित अन्य राजस्व कार्यों में भी अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन अवधि के दौरान पटवारी वीरेंद्र सिंह राजपूत का मुख्यालय तहसील कार्यालय बरमकेला निर्धारित किया गया है। नियमानुसार उन्हें इस अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर की इस कार्रवाई को सुशासन तिहार में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई का उदाहरण माना जा रहा है। इससे स्पष्ट संदेश गया है कि आम जनता की शिकायतों की अनदेखी और सरकारी कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

- सारंगढ़:फोन नहीं उठाया, काम में लापरवाही भारी, पटवारी निलंबित… - July 10, 2026
- सारंगढ़:सुस्ती पर कलेक्टर का सख्त एक्शन, 8 तहसीलदारों को नोटिस… - July 10, 2026
- सारंगढ़:आयुष्मान से निःशुल्क इलाज, JSM हॉस्पिटल बना भरोसे का केंद्र… - July 10, 2026


