सारंगढ़-बिलाईगढ़, 9 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप आयोजित सुशासन तिहार 2026 जिले के किसानों के लिए राहत और उम्मीद का माध्यम बनता जा रहा है। विकासखंड बिलाईगढ़ के ग्राम मड़कड़ी निवासी किसान राशीराम आदित्य इसकी प्रेरक मिसाल हैं, जिनकी दो महत्वपूर्ण समस्याओं का त्वरित समाधान कर प्रशासन ने सुशासन की प्रभावी तस्वीर पेश की है।
5 जून को ग्राम मड़कड़ी में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में राशीराम आदित्य ने खेती को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पावर वीडर मशीन उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया था। आवेदन मिलते ही कृषि विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनके प्रकरण का शीघ्र निराकरण किया। विभाग की पहल से उन्हें 52 हजार रुपये मूल्य की पावर वीडर मशीन उपलब्ध कराई गई। शासन की अनुदान योजना के तहत 15 हजार रुपये की सब्सिडी मिलने से किसान को केवल 37 हजार रुपये का भुगतान करना पड़ा।
पावर वीडर मशीन मिलने से अब खेतों की निराई-गुड़ाई कम समय और कम लागत में हो सकेगी। इससे मजदूरी पर निर्भरता घटेगी, श्रम की बचत होगी और खेती की उत्पादकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। आधुनिक कृषि यंत्र के उपयोग से किसान अधिक दक्षता और आसानी से कृषि कार्य कर सकेंगे।
इतना ही नहीं, सुशासन तिहार शिविर में राशीराम आदित्य ने ऋण पुस्तिका के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किया था। राजस्व विभाग ने भी तत्परता दिखाते हुए उनके आवेदन का त्वरित निराकरण कर ऋण पुस्तिका उपलब्ध करा दी। इससे अब उन्हें बैंक ऋण, कृषि योजनाओं और अन्य शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
अपनी दोनों प्रमुख समस्याओं का समय पर समाधान होने पर किसान राशीराम आदित्य ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार जैसी पहल वास्तव में किसानों के हित में है और ग्रामीणों का जीवन सरल बनाने का कार्य कर रही है।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन तथा उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के फील्ड अधिकारियों द्वारा पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ लगातार पहुंचाया जा रहा है। सुशासन तिहार के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का निरंतर और पारदर्शी तरीके से निराकरण कर प्रशासन आम नागरिकों का विश्वास मजबूत कर रहा है। राशीराम आदित्य की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि शासन की संवेदनशील पहल और जिला प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली से अब किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान तेज, सरल और प्रभावी ढंग से हो रहा है।


- आनंद वर्मा की सख्ती से शराब माफियाओं में हड़कंप, भारी मात्रा में महुआ शराब जब्त.. - July 9, 2026
- “सरपंच जी की सील और बिना दुकान का बिल”टिमरलगा में विकास के नाम पर ‘कागज़ी’ खेल, जनता बेहाल..!सरपंच और विश्वनाथ ट्रेडर्स के ‘फर्जीवाड़े का सीक्रेट’ पढ़कर हो जाएंगे हैरान !जनपद स्तर पर बैठे ‘धृतराष्ट्र’ कौन हैं? - July 9, 2026
- केंद्रीय टीम ने सराहा कुष्ठ खोज अभियान, बिलाईगढ़ मॉडल की हुई प्रशंसा… - July 9, 2026


