सारंगढ़-बिलाईगढ़। सारंगढ़ शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख क्षेत्र गढ़चौक के पास स्थित नान कार्यालय के बगल में भारी मात्रा में फ्लाई एश (राखड़) की कथित अवैध डंपिंग का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना किसी प्रशासनिक अनुमति, एनओसी या टेंडर प्रक्रिया के शहर के बीचों-बीच राखड़ गिराई जा रही है, जिससे पर्यावरण और आम लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडराने लगा है। इस मामले ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले के पीछे एक प्रभावशाली ट्रांसपोर्टर का नाम सामने आ रहा है। आरोप है कि परिवहन लागत बचाने और अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से नियमों को दरकिनार कर रात-दिन फ्लाई एश डंप की जा रही है। जबकि पर्यावरणीय नियमों के तहत फ्लाई एश के परिवहन और निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों एवं आवश्यक अनुमतियों का पालन करना अनिवार्य होता है।

रिहायशी क्षेत्र में बढ़ा प्रदूषण, स्वास्थ्य पर खतरा
गढ़चौक और नान कार्यालय के आसपास का इलाका शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। आसपास घनी आबादी, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं। ऐसे में खुले में फ्लाई एश डंप होने से हवा में उड़ने वाले सूक्ष्म धूल कण लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की हवा चलते ही राखड़ उड़कर घरों, दुकानों और सड़क से गुजरने वाले लोगों तक पहुंच रही है। इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
नागरिकों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि शहर के बीचों-बीच इतनी बड़ी मात्रा में फ्लाई एश डंप किए जाने के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही अवैध डंपिंग हटाकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होंगे।
प्रशासन के एक्शन पर टिकी निगाहें
यह मामला अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है। नागरिकों की मांग है कि जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभाग तत्काल स्थल का निरीक्षण कर मामले की निष्पक्ष जांच कराएं। यदि बिना अनुमति फ्लाई एश डंपिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए और शहर के बीचों-बीच फैले इस प्रदूषण स्रोत को तत्काल हटाया जाए।
- सारंगढ़:अतिरिक्त अर्जित अवकाश की मांग, शिक्षकों ने DEO को सौंपा ज्ञापन… - July 10, 2026
- सारंगढ़:फोन नहीं उठाया, काम में लापरवाही भारी, पटवारी निलंबित… - July 10, 2026
- सारंगढ़:सुस्ती पर कलेक्टर का सख्त एक्शन, 8 तहसीलदारों को नोटिस… - July 10, 2026


