सारंगढ़। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू के कुशल मार्गदर्शन में खेलभांठा मैदान में एक दिवसीय विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, आरटीओ और यातायात टीम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में संचालित बसों की फिटनेस जांच तथा चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना रहा। जांच के दौरान स्कूली बसों के हॉर्न, सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड किट, प्रदूषण प्रमाणपत्र, इंडिकेटर, इमरजेंसी गेट, अग्निशामक यंत्र तथा खिड़कियों पर लगी सुरक्षा जालियों की बारीकी से जांच की गई। इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी बुक और बस स्टाफ के आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।
चालकों की शारीरिक क्षमता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी आंखों की जांच, ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल सहित अन्य जरूरी चिकित्सीय परीक्षण किए। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ चालक ही बच्चों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध करा सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पाण्डेय ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने सभी तकनीकी खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी चालक व संबंधित प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ विभाग के अधिकारियों ने सभी वाहनों की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर संचालकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीओपी श्रीमती स्नेहिल साहू, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, आरटीओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा यातायात पुलिस की टीम उपस्थित रही। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि जिले के स्कूली बच्चों का सफर पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सके।







