सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रियता के साथ कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में गंभीर अपराधों के आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी के नेतृत्व में हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी की इस तत्पर और सख्त कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 20 अगस्त 2026 को ग्राम सलौनीखुर्द निवासी प्रार्थी सत्यनारायण यादव ने थाना पहुंचकर जुबानी रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी के अनुसार वह अपने भाई गोपीचंद एवं मां के साथ घर में खाना खाने बैठा था, तभी गांव के रवि यादव और गनपत यादव घर के सामने पहुंचे और सरपंच चुनाव में हार तथा पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपी पक्ष घर में घुस गया और प्रार्थी की मां के साथ अभद्रता एवं मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसी दौरान प्रार्थी पर टांगी से प्राणघातक हमला कर सिर में गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया। घटना के दौरान जान से मारने की धमकी दिए जाने की भी शिकायत दर्ज कराई गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 333, 296, 351(3), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिवकुमार धारी ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की पतासाजी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने मामले में आरोपी रवि कुमार यादव, पिता स्वर्गीय सुदर्शन यादव, उम्र 29 वर्ष एवं हरा बाई उर्फ सोनाई बाई यादव, पति स्वर्गीय सुदर्शन यादव, उम्र 56 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सलौनीखुर्द, थाना मटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी शिवकुमार धारी के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर यह संदेश गया है कि क्षेत्र में गंभीर अपराधों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस की सक्रियता की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है।

- IGKV में दूसरा पेपर लीक… प्रोफेसर ने 10 हजार में बेचा था पर्चा, Plant Pathology की परीक्षा भी निरस्त… - August 23, 2026
- नदी पार कर जल्दी पहुंच जाएंगे’, एक बच्चे के कहने पर तीन छात्र बह गए, परिजनों को सौंपे गए शव, सभी एक ही घर के थे… - August 23, 2026
- IGKV पेपर लीक कांड में प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, ₹11,000 में बेचा था भविष्य… - August 23, 2026
