सरिया। जिले में अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, जुआ और सट्टा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में सरिया पुलिस ने तत्परता और सख्ती का परिचय देते हुए 5 किलो 210 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार, दो व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा लेकर ओडिशा के बरगढ़ से ग्राम कंचनपुर (सरिया) होते हुए सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा जाने वाले थे। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय किया और घेराबंदी की रणनीति तैयार की।
सरिया पुलिस टीम ने ग्राम कंचनपुर बैरियर मेन रोड पर घेराबंदी कर काले-नीले रंग की हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 8076 पर सवार दो संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम देवाधी पात्र पिता इन्द्रो पात्र, उम्र 46 वर्ष, निवासी सारागांव, थाना सारागांव, जिला जांजगीर-चांपा बताया। वहीं मोटरसाइकिल के पीछे बैठी महिला ने अपना नाम संतोषी पात्र पति विष्णु पात्र, उम्र 48 वर्ष, निवासी सारागांव, थाना सरिया, हाल निवास जांजगीर-चांपा बताया।
पुलिस द्वारा की गई सघन तलाशी के दौरान महिला के पास रखे थैले से 03 पैकेट तथा मोटरसाइकिल की डिक्की से 02 पैकेट बरामद किए गए। खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे इन कुल 05 पैकेटों में 5 किलो 210 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा घटना में प्रयुक्त हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल और रियलमी कंपनी का एक मोबाइल भी जब्त किया। जब्त मशरूका की कुल कीमत 3 लाख 10 हजार रुपये आंकी गई है। पूरी कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गवाहों की मौजूदगी में की गई।
इसके बाद आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 195/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया की सक्रिय नेतृत्व क्षमता और प्रभावी पुलिसिंग की विशेष सराहना हो रही है। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अवैध गांजा की बड़ी खेप को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया। क्षेत्र में अवैध कारोबारियों के खिलाफ सरिया पुलिस की लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
उक्त कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेंद्र कुमार, सउनि सुमन कुमार चौहान, प्र.आर. विजय यादव, प्र.आर. मोहन गुप्ता, प्र.आर. भोजराम नट, आरक्षक श्रवण टंडन, लक्ष्मीनारायण पटेल एवं नर्मदा यादव की भी सराहनीय भूमिका रही। पुलिस टीम की इस सफलता से एक बार फिर यह संदेश गया है कि थाना प्रभारी एन.एल. राठिया के नेतृत्व में सरिया पुलिस अवैध गतिविधियों के खिलाफ पूरी तरह सतर्क और सख्त है।

- IGKV में दूसरा पेपर लीक… प्रोफेसर ने 10 हजार में बेचा था पर्चा, Plant Pathology की परीक्षा भी निरस्त… - August 23, 2026
- नदी पार कर जल्दी पहुंच जाएंगे’, एक बच्चे के कहने पर तीन छात्र बह गए, परिजनों को सौंपे गए शव, सभी एक ही घर के थे… - August 23, 2026
- IGKV पेपर लीक कांड में प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, ₹11,000 में बेचा था भविष्य… - August 23, 2026
