सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सख्त नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के कुशल मार्गदर्शन और महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध अपनाई जा रही ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में सरिया पुलिस ने एक गंभीर एवं संवेदनशील मामले में तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

स्कूल के लिए निकली नाबालिग, देर शाम तक नहीं लौटी
मामला 14 जुलाई 2026 का है। पीड़िता रोजाना की तरह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी आसपास एवं रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो 15 जुलाई 2026 को सरिया थाने में गुमशुदगी एवं अपहरण से संबंधित धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया ने तत्काल पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए अपहृता और आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी रही।
22 अगस्त को मिली बड़ी सफलता, नाबालिग सकुशल बरामद
सरिया पुलिस के निरंतर प्रयासों को आखिरकार 22 अगस्त 2026 को बड़ी सफलता मिली, जब अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया गया। काउंसलिंग के दौरान पीड़िता ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए गंभीर खुलासा किया। उसके अनुसार आरोपी कृष्णा यादव ने उसे अपने जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर नागपुर ले गया। वहां आरोपी द्वारा उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात सामने आई।
पीड़िता के बयान और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 की गंभीर धाराएं जोड़ीं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
थाना प्रभारी की सटीक रणनीति, आरोपी तक पहुंची पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसपी सुनील शर्मा की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का दिखा असर
पुलिस अधीक्षक श्री सुनील शर्मा के निर्देशन में जिले में महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित और कठोर कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में भी पुलिस की तेज कार्रवाई ने न केवल पीड़िता को सकुशल बरामद करने में सफलता दिलाई, बल्कि आरोपी को कानून के शिकंजे तक पहुंचाकर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस गंभीर एवं संवेदनशील मामले को सफलतापूर्वक सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गजेन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र सिदार, आरक्षक नर्मदा यादव, गीताराम भास्कर, अमृत केवट एवं महिला आरक्षक सविता यादव की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।
सरिया पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के नेतृत्व और थाना प्रभारी एन.एल. राठिया की मुस्तैद कार्यशैली के चलते अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
- IGKV में दूसरा पेपर लीक… प्रोफेसर ने 10 हजार में बेचा था पर्चा, Plant Pathology की परीक्षा भी निरस्त… - August 23, 2026
- नदी पार कर जल्दी पहुंच जाएंगे’, एक बच्चे के कहने पर तीन छात्र बह गए, परिजनों को सौंपे गए शव, सभी एक ही घर के थे… - August 23, 2026
- IGKV पेपर लीक कांड में प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार, ₹11,000 में बेचा था भविष्य… - August 23, 2026
