सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 जुलाई 2026। महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की न्यायपीठ 6 जुलाई 2026 को रायगढ़ में महत्वपूर्ण सुनवाई करेगी। यह सुनवाई सुबह 11 बजे से कलेक्टर कार्यालय रायगढ़ के सृजन सभाकक्ष में आयोजित होगी।
न्यायपीठ में रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से महिला उत्पीड़न से संबंधित कुल 45 प्रकरणों तथा सक्ती जिले का 1 प्रकरण, यानी कुल 46 मामलों की सुनवाई की जाएगी। सुनवाई के दौरान संबंधित पक्षों की बात सुनकर प्रकरणों के शीघ्र एवं न्यायसंगत निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
इस न्यायपीठ की अध्यक्षता किरणमयी नायक करेंगी। उनके साथ संभाग प्रभारी सरला कोसरिया एवं सह प्रभारी प्रियवंदा सिंह जूदेव उपस्थित रहेंगी। आयोग द्वारा संबंधित पक्षों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों सहित सुनवाई में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला आयोग की यह पहल महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने, उनकी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने तथा महिला सुरक्षा एवं अधिकारों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



