सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 जुलाई 2026। जिले में राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनसीडी) को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और स्ट्रोक जैसे गंभीर गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार, फॉलो-अप तथा डिजिटल रिपोर्टिंग की आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित किया गया।
यह प्रशिक्षण मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार वैष्णव के मार्गदर्शन, जिला नोडल अधिकारी डॉ. रूपेंद्र साहू के नेतृत्व तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक दीपक धारा के समन्वय में आयोजित किया गया। राज्य स्तर से आए मास्टर प्रशिक्षक डॉ. उर्वीन शाह (डब्ल्यूएचओ सलाहकार) एवं अतुल शुक्ला ने जिले के सभी डेटा प्रबंधकों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायकों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों तथा डेटा एंट्री ऑपरेटरों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण के पहले दिन विशेषज्ञों ने गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, प्रभावी उपचार, नियमित फॉलो-अप और मरीजों की बेहतर देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। इसके साथ ही कार्यक्रम की मॉनिटरिंग, रिपोर्टिंग और सुपरविजन की प्रक्रिया को भी विस्तार से समझाया गया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
दूसरे दिन प्रतिभागियों को एनपी-एनसीडी ऑनलाइन पोर्टल पर डेटा एंट्री, रिकॉर्ड की शुद्धता और समयबद्ध रिपोर्टिंग का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों के आंकड़ों का विश्लेषण कर प्रतिभागियों को पोर्टल पर लाइव अभ्यास कराया गया। विशेषज्ञों ने डेटा एंट्री के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों, उनके समाधान और डेटा गुणवत्ता सुधार के प्रभावी उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए फील्ड स्तर पर आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों से निपटने के उपयोगी सुझाव भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का मानना है कि यह प्रशिक्षण जिले में राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समापन समारोह में जिला स्वास्थ्य समिति, सारंगढ़-बिलाईगढ़ की ओर से राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला प्रबंधक (प्रशिक्षण एवं मानव संसाधन) ममता जोल्हे, कार्यालय सहायक शेखर एवं डमरूधर साहू का विशेष योगदान रहा। अंत में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेन्द्र कुमार वैष्णव ने सभी प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।



