सारंगढ़-बिलाईगढ़, 5 जुलाई 2026। जिले के आश्रम एवं छात्रावासों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘स्वस्थ तन-स्वस्थ मन (स्वास्थ्य सुरक्षा) योजना-2007’ के तहत वर्ष 2026-27 के लिए निजी चिकित्सकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एमबीबीएस, बीएएमएस एवं बीएचएमएस डिग्रीधारी चिकित्सक 15 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार चयनित निजी चिकित्सकों को जिले के एक या एक से अधिक आश्रम एवं छात्रावासों की स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। आवेदन लेटरपैड पर निर्धारित दस्तावेजों के साथ केवल पंजीकृत डाक के माध्यम से सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, शासकीय पंडित लोचन प्रसाद पाण्डेय कॉलेज के पास, कोसीर रोड, सारंगढ़ (पिन-496445) भेजना होगा। कार्यालय में सीधे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदन के साथ मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थान की डिग्री, अनुभव प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, मेडिकल रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र, मोबाइल नंबर, वर्तमान पता तथा भारतीय स्टेट बैंक के खाते के प्रथम पृष्ठ की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा।
योजना के तहत 50 सीटर छात्रावास/आश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए 750 रुपये प्रति भ्रमण तथा 100 सीटर छात्रावास/आश्रम के लिए 1200 रुपये प्रति भ्रमण मानदेय दिया जाएगा। चयनित चिकित्सकों को प्रत्येक माह कम से कम दो बार छात्रावासों का भ्रमण कर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करना होगा तथा स्वास्थ्य पंजी में उनका विवरण दर्ज करना अनिवार्य रहेगा।
निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नए आवेदकों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करना होगा। चिकित्सकों का चयन जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा पात्रता के आधार पर किया जाएगा तथा अनुबंध संबंधी निर्णय समिति का अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। योजना की विस्तृत नियम एवं शर्तों की जानकारी कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, सारंगढ़ से कार्यालयीन समय में प्राप्त की जा सकती है।



