रायगढ़, 5 जुलाई। महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलकर जान से मारने की कोशिश की, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित साहू (36), निवासी कोड़ातराई, थाना जूटमिल को गिरफ्तार किया। पीड़िता गणेशी साहू (32) ने थाना जूटमिल में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2014 में उसने अमित साहू से प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं। विवाह के बाद से आरोपी शराब के नशे में आए दिन मारपीट और विवाद करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराये के मकान में रहने लगी थी।
पीड़िता ने बताया कि 30 जून, जो उसका जन्मदिन था, आरोपी ने शराब छोड़ने और अच्छे से रखने का भरोसा देकर उसे अपने साथ ले गया। इसके बाद 3 जुलाई की रात वह उसे बुलेट मोटरसाइकिल से अपने गांव कोड़ातराई ले गया, जहां चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए जब महिला घर से बाहर भागी तो आरोपी ने बुलेट मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-16-CQ-2698) से उसे टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद हत्या की नीयत से कई बार मोटरसाइकिल उसके शरीर पर चढ़ा दी। इस हमले में महिला के हाथ, सिर, गर्दन, चेहरे, जांघ सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता की शिकायत पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी में एएसआई राजेन्द्र सिंह पटेल एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस कार्रवाई के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया कि घरेलू विवाद की आड़ में महिलाओं के विरुद्ध हिंसा या जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस कानून के तहत कठोर कार्रवाई करेगी और ऐसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।




