सारंगढ़। जिले को नशामुक्त बनाने और अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने एक बार फिर सख्त अभियान चलाते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमिषा पांडेय के कड़े निर्देश तथा जिले के राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी कर अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया।
अभियान के दौरान ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 7 प्रकरण दर्ज करते हुए 106.68 लीटर अवैध शराब जब्त की। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों को भी जब्त किया गया तथा मौके पर बड़ी मात्रा में रखे गए लाहन को नष्ट कर अवैध शराब निर्माण की प्रक्रिया पर रोक लगाई गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी समय-समय पर इसी तरह विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में भय का माहौल है, वहीं आम नागरिकों ने पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है।



