सारंगढ़। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आबकारी आयुक्त श्री पी.एस. एल्मा के निर्देश, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री संतराम वर्मा के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने ग्राम गुड़ेली में अवैध महुआ शराब के निर्माण और परिवहन के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाते हुए दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब और दो दोपहिया वाहन जब्त किए हैं।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने ग्राम गुड़ेली के लातनाला मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जांच की। जांच के दौरान दो आरोपियों को दोपहिया वाहनों में हाथभट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब का परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान पहले आरोपी अमृतलाल यादव के कब्जे से 25 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा हीरो एचएफ डीलक्स (CG 13 UJ 5448) जब्त की गई। वहीं दूसरे आरोपी बरातू मांझी के पास से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं TVS XL 100 (CG 13 AN 8190) बरामद की गई।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
आबकारी विभाग की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा की सक्रिय कार्यशैली, सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई की बदौलत जिले में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग लगातार ऐसे तत्वों पर नजर बनाए हुए है और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहने के संकेत दिए हैं।
इस सफल अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आनंद वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह राठिया तथा विभागीय हमराह स्टाफ की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही, जिनकी तत्परता से अवैध शराब तस्करी के खिलाफ यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई।






