सारंगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इसी कड़ी में जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की अटल आरोग्य लैब ने शुरू होने के मात्र एक महीने के भीतर ही शानदार उपलब्धि हासिल कर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का नया मानदंड स्थापित किया है।
बीते 3 जून 2026 को कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के विशेष प्रयासों से शुरू की गई इस अत्याधुनिक लैब ने कम समय में ही हजारों मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और निःशुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई है।
एक माह में 2,632 मरीजों की 11,487 जांचें
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के मार्गदर्शन में संचालित अटल आरोग्य लैब में केवल एक महीने में 2,632 मरीजों की कुल 11,487 विभिन्न प्रकार की जांचें आधुनिक मशीनों से पूरी सटीकता के साथ निःशुल्क की गईं। लैब का संचालन विशेषज्ञ पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू की देखरेख में किया जा रहा है, जिससे मरीजों को कम समय में भरोसेमंद रिपोर्ट उपलब्ध हो रही है।
अब 134 प्रकार की आधुनिक जांचें निःशुल्क
अटल आरोग्य लैब शुरू होने से अब सारंगढ़ के मरीजों को महंगी जांचों के लिए बड़े शहरों या निजी लैब का रुख नहीं करना पड़ रहा है। जिला चिकित्सालय में अब 134 प्रकार की ब्लड एवं यूरिन जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध हैं।
इनमें ट्रोप-टी (हार्ट अटैक की जांच), डी-डाइमर (ब्लड क्लॉट), पीटी/आईएनआर, इलेक्ट्रोलाइट, विटामिन-डी, हार्मोनल टेस्ट, एलएफटी (लीवर), आरएफटी (किडनी) तथा सीबीसी (खून की सामान्य जांच) जैसी अत्याधुनिक जांचें शामिल हैं, जो गंभीर बीमारियों के समय पर निदान में बेहद उपयोगी साबित हो रही हैं।
गरीब मरीजों को मिल रही बड़ी राहत
इस लैब के संचालन से जिले के गरीब और जरूरतमंद मरीजों को महंगी जांचों का खर्च नहीं उठाना पड़ रहा है। आधुनिक मशीनों से सटीक और शीघ्र जांच रिपोर्ट मिलने से उपचार भी तेजी से शुरू हो रहा है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
एचपीएलसी और एबीजी टेस्ट भी होंगे शुरू
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि आने वाले दिनों में सिकल सेल रोग की पुष्टि के लिए एचपीएलसी (HPLC) टेस्ट तथा खून की पीएच वैल्यू, ऑक्सीजन एवं कार्बन डाइऑक्साइड की जांच के लिए एबीजी (ABG) टेस्ट की सुविधा भी जिला चिकित्सालय में शुरू की जाएगी।
उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में उपलब्ध इस अत्याधुनिक एवं निःशुल्क जांच सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। वहीं कलेक्टर के सहयोग और मेडिकल टीम की मेहनत से भविष्य में भी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।


- सारंगढ़:नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ताबड़तोड़ छापों में 106.68 लीटर अवैध शराब जब्त… - July 4, 2026
- सारंगढ़:सहकारिता सप्ताह में हरियाली का संकल्प, कोसीर समिति परिसर में हुआ वृक्षारोपण… - July 4, 2026
- 4 दिन से अंधेरे में आधा दर्जन गांव, ओड़ेकेरा फीडर की बदहाल व्यवस्था पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा… - July 4, 2026


